DniNews.Live

शामली बिजली घर पर उपभोक्ताओं का हंगामा:बिल जमा करने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं होने का आरोप

शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित सिटी बिजली घर पर देर शाम बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली बिल जमा करने के बावजूद उनके घरों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई है। प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने 3500, 4000 और 5700 रुपये सहित विभिन्न राशियों के बिलों का भुगतान किया था। इसके बावजूद उनके घरों में बिजली नहीं आई, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने बिजली घर पहुंचकर विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। एक उपभोक्ता शुभम ने जानकारी दी कि उन्होंने अपना बिजली बिल जमा कर दिया था, लेकिन उनके घर की बिजली आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हुई है। इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों से बात करने पर उन्हें सर्वर डाउन होने की जानकारी दी गई और जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन मिला।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बार-बार बिजली घर के चक्कर लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने विभागीय लापरवाही को आम जनता की परेशानी का मुख्य कारण बताया। हंगामे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सिटी एसडीओ ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण यह समस्या आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वर अपडेट न होने की वजह से उपभोक्ताओं को यह परेशानी हो रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *