लखीमपुर खीरी: सिंगाही कस्बे में आयोजित रामलीला मेले में बार बालाओं पर नोट उड़ाने का वीडियो वायरल होने के बाद बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) रोहिताश शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वीडियो सामने आने और आरोपों के बाद की गई है। रोहिताश शर्मा सिंगाही विद्युत उपकेंद्र पर तैनात थे। सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए वीडियो में वह रामलीला मेले के दौरान डांसरों पर नोट उड़ाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया था। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो पिछले साल नवंबर में आयोजित रामलीला मेले का बताया जा रहा है। जेई रोहिताश शर्मा पर यह भी आरोप है कि उन्होंने मेले में डांस कार्यक्रम आयोजित करने वालों को बिना वैध कनेक्शन के मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए अधीक्षण अभियंता ब्रह्मपाल ने जेई रोहिताश शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए हैं।

Leave a Reply