DniNews.Live

एसपी क्राइम ने मुजफ्फरनगर में की पैदल गश्त:नवरात्र में मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा का जायजा लिया

मुजफ्फरनगर पुलिस नवरात्र पर्व और मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत महिला सुरक्षा को लेकर सक्रिय है। इसी क्रम में, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने सोमवार देर शाम नगर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ व्यापक पैदल गश्त की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यह पैदल गश्त थाना सिविल लाइन और नई मंडी क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और मुख्य मार्गों पर की गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा और महिला थाना प्रभारी संगीता डागर सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित किया। उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस द्वारा त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित माहौल का अनुभव कराना है। पुलिस अधीक्षक अपराध ने विभिन्न दुर्गा मंदिरों और लक्ष्मी नारायण मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए। उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। गश्त में आधुनिक होंडा सीबी 350 पुलिस मोटरसाइकिलों का भी उपयोग किया गया, जो त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करती हैं। मुजफ्फरनगर पुलिस ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जनपद में सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण बना रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *