देवरिया जिले के दानोपुर इलाके में एक युवक की घर में घुसकर बेरहमी से पिटाई की गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दानोपुर निवासी अरविंद कुशवाहा शनिवार शाम अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उन्हें घेर लिया। देखते ही देखते आरोपियों ने बेल्ट, लात-घूसों से अरविंद की जमकर पिटाई शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक कुछ ही सेकंड में कई बार बेल्ट से वार कर रहा है। हमलावर घर के अंदर तक घुस गए और वहां भी मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित अरविंद कुशवाहा का कहना है कि हमलावरों से उनका कोई पुराना विवाद नहीं था और उन्होंने अचानक हमला कर दिया। इस घटना के बाद उनके परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने सदर कोतवाली में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है। सदर कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply