मुजफ्फरनगर में सड़क पर स्टंटबाजी करने वाले दो युवकों को छपार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों युवक खतरनाक स्टंट करते दिख रहे थे। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार, ये युवक बरला-बसेड़ा मार्ग पर मोटरसाइकिल से जानलेवा स्टंट कर रहे थे। इन हरकतों से न केवल उनकी अपनी जान को खतरा था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी गंभीर रूप से खतरे में पड़ गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान वसीम पुत्र नसीम, निवासी हरिद्वार, और जुनैद पुत्र अनीस, निवासी बसेड़ा, थाना छपार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने सख्त संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जनपद में सड़क को स्टंट का मंच बनाने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि स्टंटबाजी, हुड़दंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही नई मंडी कोतवाली पुलिस ने भी बुलेट बाइक से स्टंट करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया था। उस युवक ने बाद में माफी भी मांगी थी।

Leave a Reply