बहराइच-सीतापुर मार्ग पर सोमवार देर रात एक मिनी ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान बाराबंकी निवासी 46 वर्षीय शत्रोहन के रूप में हुई है। वह अपने रिश्तेदार अर्जुन (बाराबंकी निवासी) और परशुराम (सीतापुर निवासी) के साथ बहराइच के मरी माता मंदिर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। देर शाम वे तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे। वापसी के दौरान, हरदी थाना क्षेत्र में कल्याणपुर के पास बहराइच-सीतापुर मार्ग पर तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही हरदी थाना प्रभारी आलोक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने शत्रोहन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत को देखते हुए अर्जुन को लखनऊ रेफर किया गया है, जबकि परशुराम का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply