DniNews.Live

सुल्तानपुर में सरयू एक्सप्रेस में जहरखुरानी, तीन यात्री शिकार:दम्पति समेत तीनों अस्पताल में भर्ती, बिहार के हैं निवासी

सुल्तानपुर में सोमवार रात सरयू एक्सप्रेस ट्रेन में जहरखुरानी का मामला सामने आया है। जहरखुरानी गिरोह ने एक दम्पति समेत तीन यात्रियों को अपना शिकार बनाया। आरपीएफ टीम ने तीनों बेहोश यात्रियों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, बिहार के चम्पारण जिले के कल्याणपुर निवासी 84 वर्षीय हृदय नंद चौबे, उनकी 76 वर्षीय पत्नी शैला देवी और 40 वर्षीय अनिल चौबे प्रयागराज से सरयू एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे। रास्ते में उन्हें जहरखुरानी का शिकार बनाया गया। जब ट्रेन सुल्तानपुर पहुंची, तो सहयात्रियों ने जीआरपी और आरपीएफ को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर ट्रेन को कुछ देर के लिए रोका गया और तीनों यात्रियों को उतारा गया। आरपीएफ टीम उन्हें एम्बुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गई। तीनों यात्री बेहोशी की हालत में थे। उनकी पहचान जेब में मिले टिकट और आधार कार्ड के जरिए हुई। डॉक्टरों ने तत्काल उनका इलाज शुरू किया। हृदय नंद चौबे की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ऑक्सीजन दिया गया है। पुलिस उनके परिजनों को सूचित करने का प्रयास कर रही है। आरपीएफ इंचार्ज रामकुमार वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि यह घटना कहां और कैसे हुई, इसकी जानकारी तीनों यात्रियों के होश में आने के बाद ही मिल पाएगी। साथ ही, यह भी पता चल पाएगा कि वे प्रयागराज कैसे पहुंचे और सरयू एक्सप्रेस से कहां जा रहे थे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *