फतेहपुर में काम के दबाव और छुट्टी न मिलने से परेशान एक लेखपाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक लेखपाल सुधीर कुमार की बुधवार को शादी होनी थी। इस घटना के बाद लेखपाल संघ ने दोषी अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। 24 घंटे बाद भी जिला प्रशासन से लेखपाल संघ की वार्ता विफल रही है। यह घटना बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा स्थित बाग बादशाही की है। सुधीर कुमार लेखपाल के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में एसआईआर (SIR) के फॉर्म भरवाने के कार्य के लिए जहानाबाद विधानसभा के सुपरवाइजर नियुक्त किए गए थे। बताया जा रहा है कि काम के अत्यधिक दबाव और शादी के लिए छुट्टी न मिलने के कारण उन्होंने मंगलवार शाम करीब 6 बजे अपने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। लेखपाल सुधीर की आत्महत्या के बाद लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश, महामंत्री रवेंद्र कुमार और तहसील अध्यक्ष कुलदीप पटेल के नेतृत्व में लेखपालों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने एआरओ और कानूनगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मृतक की बहन की ओर से इस संबंध में एडीएम अवनीश त्रिवेदी को तहरीर भी दी गई है। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी जिला प्रशासन से लेखपाल संघ की वार्ता सफल नहीं हो पाई है। देर रात करीब 2 बजे पहुंचे डीएम रविंद्र सिंह से भी लेखपालों की बातचीत बेनतीजा रही। बुधवार को भी मृतक के घर के बाहर लेखपालों और परिजनों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। परिजन सुधीर की मंगेतर को नौकरी और दोषी अधिकारियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं। मृतक लेखपाल सुधीर को डेढ़ वर्ष पहले ही नियुक्त किया गया था। उनकी शादी बुधवार को कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के सीतापुर गांव निवासी काजल पुत्री रघुनंदन के साथ तय हुई थी। बताया जाता है कि एसआईआर के तहत लेखपालों पर काम का बहुत दबाव था। चर्चा है कि घटना वाले दिन सुबह एक कानूनगो उनके घर गया था और काम का दबाव बनाया था, जिससे आहत होकर सुधीर ने यह कदम उठाया। परिजनों और रिश्तेदारों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और वे आरोपी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
https://ift.tt/NhCWZ4a
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply