नेपाल और जिले की बारिश से हथियाकुंडा नाला उफनाया:श्रावस्ती में डिप पर चल रहा पानी का बहाव, आवागमन रुका

श्रावस्ती के कोतवाली भिनगा क्षेत्र के दुर्गापुर केपी खाकी दास कुट्टी के पास डिप पर बीती रात से जिले मे हो रही बारिश का असर भी दिख रहा है। दरअसल नेपाल के पहाड़ी इलाकों में हुई बारिश का पानी भी यहां पहुंच गया है। बताते चलें की डिप पर पानी का तेज बहाव चलने से दोनों तरफ आने जाने वाले लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। कोई भी व्यक्ति एक तरफ से दूसरी तरफ नहीं जा पा रहा है। स्थानीय लोग डिप पर चल रहे पानी के स्तर में कमी का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक हर बरसात में नेपाल के सात पहाड़ों का पानी हथिया कुंडा नाले में आता है। डिप पर रेलिंग नहीं होने से हादसे का खतरा बना रहता है। प्रधान अभिनाश सिंह ने बताया कि दो साल पहले एक व्यक्ति बृजलाल बाढ़ में बह गए थे। उनका शव चार दिन बाद मिला था। इस डिप से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। ग्राम प्रधान ने कहा कि जलस्तर बढ़ने पर स्थानीय प्रशासन को सूचना दी जाती है। पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद करता है। लेकिन इस तरह कब तक चलेगा, उन्होंने मांग की है कि स्वीकृत पुल का निर्माण जल्द से जल्द डिप पर कराया जाए।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर