बदायूं में सोमवार रात एलपीजी सिलेंडर से भरा एक ट्रक पलट गया। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। यह हादसा बरेली-आगरा हाइवे को जोड़ने वाले निर्माणाधीन सिक्सलेन रोड पर हुआ। ट्रक हाथरस से 360 एलपीजी सिलेंडर लेकर बदायूं के बिनावर स्थित भारत गैस एजेंसी जा रहा था। ड्राइवर की पहचान राजेश पुत्र रामकिशन, निवासी मोहम्मदनगर सुलरा, थाना मूसाझाग, बदायूं के रूप में हुई है।
बताया गया कि फोरलेन से सिक्सलेन निर्माण के दौरान की गई लगभग एक फीट गहरी खुदाई में ट्रक का एक पहिया उतरने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि जिस स्थान पर ट्रक पलटा, वहां बालू पड़ी थी, जिससे सिलेंडरों में विस्फोट होने का खतरा टल गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही सिविल लाइंस एसएचओ हरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर फाइटर्स को भी बुलाया गया। ट्रक को सीधा करने के लिए दो क्रेन भी बुलाई गईं। हालांकि, इससे पहले सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से दूसरे ट्रक में लोड करने का काम देर रात तक जारी रहा, ताकि ट्रक को सीधा करते समय कोई जोखिम न हो। एसएचओ सिविल लाइंस ने पुष्टि की कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।

Leave a Reply