मेरठ की शोभित यूनिवर्सिटी में सोमवार को BCA की छात्रा ने फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंचे छात्र फंदे से उतारकर छात्रा को अस्पताल ले आए, जहां उपचार के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। इसी यूनिवर्सिटी में छात्रा की छोटी बहन, भाई व एक ममेरी बहन भी पढ़ते हैं, जिनका रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया है। एक नजर पूरी वारदात पर
मूलरूप से बिहार के जिला छपरा अंतर्गत स्थित ग्राम सरिया हरकी निवासी 20 वर्षीय प्रिया पुत्री विष्णु सिंह शोभित यूनिवर्सिटी से बीसीए की पढ़ाई कर रही थी। इसी यूनिवर्सिटी में प्रिया की छोटी बहन रिया, भाई विशाल के अलावा ममेरी बहन जयोति भी पढ़ रहे हैं। सभी हॉस्टल में रहते हैं। सोमवार दोपहर प्रिया लंच के समय हॉस्टल चली गई। कुछ देर बाद रिया व ज्योति भी रूम पर आ गई। दोनों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद वह भाई विशाल को बुला लाईं। हास्टल में छात्रा ने लगाई फांसी
शोर शराबा सुनकर हास्टल के छात्र-छात्राओं की वहां भीड़ लग गई। कमरे से कोई हलचल ना पाकर छात्रों ने दरवाजा तोड़ दिया। जैसे ही दरवाजा खुला, सब हैरान रह गए। प्रिया ने फांसी लगा ली थी। आनन फानन में छात्रों ने उसे नीचे उतारा और अस्पताल आ गए। चिकित्सकों ने प्रिया का उपचार शुरु किया लेकिन कुछ देर बाद ही उसकी मृत्यु हो गई। प्रिया की मौत से बहन रिया व भाई विशाल सदमे में आ गए। जैसे तैसे उन्हें संभाला जा सका। प्रिया के भाई की हालत बिगड़ी
एसडीएस ग्लोबल हॉस्पिटल में पहुंचते ही चिकित्सकों ने प्रिया का उपचार शुरु कर दिया लेकिन उसकी हालत बिगड़ती गई और कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। प्रिया की मौत से भाई विशाल की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर गया। साथी छात्रों ने उसे संभाला और उपचार दिलाया। इस घटना से हास्टल के छात्रों में दहशत है। विश्वविद्यालय प्रशासन भी मामले पर नजर बनाए हुए है। फॉरेसिंक टीम भी मौके पर पहुंची
प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और कुछ साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल कमरे को सील किया गया है। उन्होंने बताया कि छात्रा के पिता विष्णु कुमार भारतीय सेना में कार्यरत है। जबकि मां माला देवी गृहणी है। उनके तीनों ही बच्चे दिल्ली-दून हाइवे स्थित शोभित यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे थे। छात्रा के चाचा के आने के बाद शव मोर्चरी भेजा गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस हर पहलू पर काम कर रही है।

Leave a Reply