ललितपुर में सोमवार को किसान बीमा कार्यालय बंद मिलने से आक्रोशित और परेशान दो किसानों ने आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद अन्य किसानों की सतर्कता से दोनों की जान बच गई। घटना की सूचना पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाकर शांत कराया। मामला विकास खंड बार के ग्राम देवरान से जुड़ा है। यहां तीन दिन पहले हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बुरी तरह नष्ट हो गई थीं। इसी नुकसान की शिकायत लेकर किसान सोमवार दोपहर कृषि कार्यालय परिसर में स्थित बीमा कंपनी के दफ्तर पहुंचे, लेकिन कार्यालय बंद मिला।
कार्यालय बंद देख किसान जगभान और विनोद ने तौलिये के सहारे फांसी लगाने की कोशिश की। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते उन्हें देख लिया और तुरंत नीचे उतार लिया। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर मौके पर पहुंचे और किसानों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। किसानों ने बताया कि बारिश और ओलावृष्टि से उनकी रबी की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। कई पशुओं की मौत हो गई है और कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन राजस्व विभाग की टीमें अब तक सक्रिय नहीं हुई हैं। किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने और बीमा दावों के निस्तारण की मांग की है।

Leave a Reply