जनपद के ग्राम रावा, मोहम्मदपुर धूमी के किसानों ने गन्ना प्रजाति 9709 को लेकर गंभीर समस्या उठाई है। किसानों का आरोप है कि पहले मिल द्वारा इस प्रजाति का आवंटन किया गया था, लेकिन अब मिल गन्ना खरीदने से इनकार कर रही है, जिससे किसानों में भारी रोष है। किसानों ने बताया कि उन्होंने गन्ना प्रजाति 9709 की बुवाई मिल के निर्देशों के अनुसार की थी। अब जब फसल तैयार है तो मिल द्वारा उसे लेने से मना किया जा रहा है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। इस संबंध में किसानों ने शिकायत भी दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। किसानों का कहना है कि कई बार सूचना देने के बावजूद न तो स्पष्ट कारण बताया गया और न ही कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा। पीड़ित किसानों में निखिल यादव, दुष्यंत यादव, सोनू यादव, श्रीपाल यादव, महीपाल यादव समेत अन्य ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान कराया जाए और मिल को निर्देशित किया जाए कि वह नियमानुसार गन्ने की खरीद करे। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Leave a Reply