अयोध्या के रुदौली में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें बातचीत के लिए बुलाया गया था, लेकिन अधिकारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। किसानों के मुताबिक, अधिशासी अभियंता रोहित जैन की मौजूदगी में एसडीओ पटरंगा अभय सिंह ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इससे नाराज किसानों ने कार्यालय परिसर के बाहर धरना शुरू कर दिया और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। किसानों का कहना था कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत करने पहुंचे थे। धरने की सूचना मिलने पर विभाग के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। लंबी बातचीत के बाद अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद देर शाम किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने में भोला सिंह टाइगर, शंकर पाल पांडेय, रवि शंकर पांडेय, रामू चंद्र विश्वकर्मा, राज कुमार यादव, अफजल बेदड़क, मीना यादव, राजेश कुमार तिवारी, अरविंद्र यादव, मालती और प्रमोद पांडेय समेत कई किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे।

Leave a Reply