हरदोई के कछौना कोतवाली क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में भर्ती 4 वर्षीय बच्ची की सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बच्ची के पिता ने निजी अस्पताल के चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोहानी के मजरा मंडलहिया निवासी अरुण की पुत्री आरूषी (4) को शुक्रवार को पेट दर्द हुआ था। अरुण ने आरूषी को कछौना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। पिता का दावा है कि अस्पताल में इलाज के नाम पर उनसे 25 हजार रुपये लिए गए थे। सोमवार सुबह आरूषी की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। निजी अस्पताल के चिकित्सक ने बच्ची को लखनऊ ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन आरूषी को कछौना सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरूषी, अरुण और सीमा देवी की इकलौती पुत्री थी। उसके दो भाई कमल और नैतिक हैं। अरुण ने यह भी बताया कि जब वे अस्पताल से पुत्री को सीएचसी ला रहे थे, तब चिकित्सक ने उनसे 20 हजार रुपये और मांगे थे। जो उन्होंने नहीं दिए। प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने इस मामले पर कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply