DniNews.Live

सरकारी योजनाएं समाज के हर वर्ग को कर रहीं सशक्त:कानपुर देहात में ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ कार्यक्रम में चर्चा

कानपुर देहात में प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूरे होने के उपलक्ष्य में पुखरायां स्थित नगर पालिका परिषद सभागार में ‘नगर विकास एवं निर्माण’ थीम पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि बीते नौ वर्ष विकास और जनकल्याण के दृष्टिकोण से बेमिसाल रहे हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और हर घर जल योजना जैसी योजनाओं को महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना है। देखें, 3 तस्वीरें….
उन्होंने आगे कहा कि मुफ्त राशन योजना, आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, किसान सम्मान निधि और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने वाली योजनाएं समाज के हर वर्ग को सशक्त बना रही हैं। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह ने ‘नगर विकास एवं निर्माण’ विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगरों में सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण, जल निकासी व्यवस्था में सुधार और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, आधुनिक कचरा निस्तारण, एलईडी स्ट्रीट लाइट और पेयजल आपूर्ति के विस्तार में तेजी लाई जा रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखें, समय पर करों का भुगतान करें और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग दें। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों से अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। इस दौरान आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (फेज-2) के तहत चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और घरों की चाबियां भी सौंपी गईं। लाभार्थियों ने खुशी जताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने की। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष पूनम दिवाकर, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उपजिलाधिकारी भोगनीपुर देवेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *