एसएन सेन बालिका विद्यालय पीजी कॉलेज में विज्ञान संकाय और आरोग्य भारती कानपुर प्रांत के तत्वावधान में “आपका स्वास्थ्य आपकी जिम्मेदारी” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अरुण ऋषि ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अनुशासित जीवनशैली ही बेहतर स्वास्थ्य का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि वे पिछले 45 वर्षों से टूथब्रश, टूथपेस्ट, चाय-कॉफी, साबुन और शैंपू का उपयोग नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने पान, गुटखा, सिगरेट और शराब जैसी चीजों से भी पूरी तरह दूरी बनाए रखी है। उन्होंने बताया कि वे दिन में केवल एक बार भोजन करते हैं और इसी कारण वे पिछले कई वर्षों से बीमार नहीं पड़े। उनके अनुभवों ने छात्राओं और शिक्षकों को काफी प्रभावित किया। कार्यक्रम में उनका हेल्थ मंत्र भी खासा चर्चा में रहा। उन्होंने कहा “एक दवा निराली, पंद्रह सेकंड की ताली” उनके अनुसार, रोजाना ताली बजाने से शरीर में ऊर्जा का संचार होता है और कई बीमारियों से बचाव संभव है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ किया गया। इस दौरान प्राचार्य प्रो. सुमन, प्रो. गार्गी यादव, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. शैल वाजपेयी और श्री श्याम गुप्ता मौजूद रहे। अरुण ऋषि ने बताया कि वे पिछले 27 वर्षों में 27 लाख किलोमीटर की यात्रा कर चुके हैं और 2700 से अधिक कार्यशालाओं के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर चुके हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. निशि प्रकाश, प्रो. रेखा चौबे, प्रो. अलका टंडन, डॉ. प्रीता अवस्थी, डॉ. सपना रॉय सहित बड़ी संख्या में शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि अच्छी सेहत के लिए महंगी दवाओं से ज्यादा जरूरी है अनुशासन, संयम और सकारात्मक सोच।

Leave a Reply