घाटमपुर में सोमवार शाम तहसील प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहरी क्षेत्र में बुलडोजर चला दिया। गाटा संख्या 77 की बंजर भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। कार्रवाई होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं पतारा क्षेत्र में भी जमीनों की जांच जारी है। प्रशासन ने करीब 0.1950 हेक्टेयर भूमि के आंशिक हिस्से से लगभग 400 वर्ग मीटर क्षेत्रफल को कब्जामुक्त कराया। इस जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। अवैध प्लाटिंग का चल रहा था खेल एसडीएम घाटमपुर अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि सलमान और जीशान (पुत्र सफीक) द्वारा इस सरकारी जमीन पर पक्का निर्माण कर अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी। शिकायत मिलने पर जांच कराई गई, जिसमें कब्जा अवैध पाया गया। इसके बाद राजस्व टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई कार्रवाई के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। किसी भी प्रकार के विरोध या अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी की। SDM की चेतावनी- कब्जा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सरकारी संपत्तियों को सुरक्षित रखा जा सके।

Leave a Reply