DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

जौनपुर से शिक्षकों-कर्मचारियों का तीसरा जत्था दिल्ली रवाना:पुरानी पेंशन बहाली के लिए जंतर-मंतर पर करेंगे प्रदर्शन

जौनपुर से पुरानी पेंशन बहाली और TET अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों-कर्मचारियों का तीसरा जत्था सोमवार देर रात दिल्ली के लिए रवाना हुआ। अटेवा (ऑल टीचर्स/एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन) जौनपुर के जिला महामंत्री इंदु प्रकाश यादव के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षक-कर्मचारी जौनपुर जंक्शन से ‘दिल्ली चलो 25 नवंबर कार्यक्रम’ में शामिल होने राजधानी की ओर कूच कर गए। स्टेशन परिसर पर “जय युवा, जय अटेवा/एन एम ओ पी एस” के नारे गूंजते रहे। यह विशाल रैली जंतर-मंतर पर आयोजित की जाएगी। इस आयोजन को लेकर पूरे प्रदेश में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रतिभागियों का कहना है कि वे इसे एक ऐतिहासिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में दर्ज कराने को उत्सुक हैं। प्रस्थान से पूर्व, अटेवा रामनगर के ब्लॉक अध्यक्ष शेरबहादुर यादव और खुटहन ब्लॉक के संरक्षक प्रमोद यादव ने कहा कि रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब आज भी लोगों के मन में ताजा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जंतर-मंतर पर इतिहास दोहराया जाएगा और यह जोश संसद को भी महसूस होगा। अटेवा जौनपुर के जिला कार्यकारिणी सदस्य विनोद यादव ने सवाल उठाया कि देश का शिक्षक, कर्मचारी और सैनिक बार-बार दिल्ली आने को क्यों मजबूर है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनता की आवाज सुनने का आग्रह करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन बहाली का संघर्ष अब निर्णायक पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। आंदोलन देश के बच्चे-बच्चे ने देखा रैली में शामिल मुफ्तीगंज ब्लॉक अध्यक्ष लालबहादुर यादव ने दृढ़ संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन देश के बच्चे-बच्चे ने देखा है और आगे भी देखेगा। उन्होंने अपनी सेवा, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए लड़ाई जारी रखने की बात कही। इस काफिले में बेरोजगार युवा आशीष यादव भी शामिल हुए, जो जंतर-मंतर के मंच से अपनी पीड़ा और अपेक्षाएं व्यक्त करने को उत्सुक हैं। सिरकोनी ब्लॉक अध्यक्ष त्रिपुरेश सिंह अपनी टीम के साथ, धर्मापुर अध्यक्ष मनीष यादव और श्याम बहादुर यादव भी सपरिवार इस रैली के लिए रवाना हुए। यह जत्था आंदोलन की नई ऊर्जा और बड़े परिवर्तन की उम्मीद लेकर दिल्ली की ओर बढ़ चुका है।


https://ift.tt/lhrVODy

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *