DniNews.Live

मथुरा में ग्राम समाज की जमीन पर पेट्रोल पंप:महावन समाधान दिवस में शिकायत, SDM बोलीं- नहीं मिला आवेदन

महावन तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध पेट्रोल पंप संचालन का मामला सामने आया है। इस बार समाधान दिवस में कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश राजस्व विभाग से संबंधित थीं। ग्राम पंचायत रावल बांगर के महाराजपुर नगला पोला भाग निवासी रामकिशोर पुत्र मोतीराम ने यह शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि खसरा संख्या 415 (रकबा 0.0970) पर स्थित ग्राम समाज की भूमि पर कई वर्षों से अवैध रूप से पेट्रोल पंप चलाया जा रहा है। रामकिशोर के अनुसार, यह जमीन सरकारी अभिलेखों में “नवीन परती” के रूप में दर्ज है, लेकिन इस पर बाउंड्रीवाल और इंटरलॉकिंग फर्श बनाकर तेल बेचा जा रहा है। शिकायतकर्ता रामकिशोर ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। तहसील स्तर से नोटिस भी जारी हुए थे और नापतोल के बाद लेखपाल की रिपोर्ट में भी इस जमीन को ग्राम समाज की भूमि बताया गया था। इस मामले में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) महावन कंचन गुप्ता से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि, शिकायतकर्ता रामकिशोर का दावा है कि उन्होंने समाधान दिवस में लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायतकर्ता के दावे और एसडीएम के बयान में विरोधाभास के कारण यह मामला प्रशासनिक समन्वय और शिकायत निवारण प्रक्रिया पर सवाल उठाता है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *