आगरा में पिछले दिनों टूटी स्कूल बस से छात्रा के नीचे गिरकर मौत होने के बाद संभागीय परिवन विभाग अब स्कूल वाहनों की फिटनेस की वैधता जांच रहा है। विभाग ने 250 वाहनों को चिह्नित किया है। इनकी फिटनेस का समय पूरा हो चुका है। विभाग ने अभिभावकों से ऐसे वाहनों से बच्चों को स्कूल न भेजने की अपील भी की है। सम्भागीय परिवहन अधिकारी अखिलेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि जिले में स्कूल वाहनों की चेकिंग को अभियान चलाया जा रहा है। परिजनों से भी अपील है कि बच्चों की स्कूल बस और वैन का एक बार वो भी निरीक्षण कर लें।
किसी भी वाहन से स्कूली बच्चों को भेजने से पहले भौतिक व तकनीकी दशा (वाहन की फर्श ठीक हो, खिडकियों पर जाली अथवा रॉड समुचित तरीके से लगी हो आदि) का निरीक्षण समय-समय पर करते रहें । वाहन के प्रपत्रों की वैधता की जांच के बाद ही बच्चों को भेजें इसके अलावा यह भी देख लें कि चालक नाबालिग न हो। नशे की हालत में न हो। तीव्र गति से वाहन न चला रहा हो तथा उसका ड्राइविंग लाइसेंस वैध हो। सभी स्कूली वाहनों के स्वामियों (प्रबंधक/प्रधानाचार्य) को निर्देश दिए है कि वाहनों से किसी भी दशा (जब तक कि वाहन की भौतिक व तकनीकी दशा तथा प्रपत्र ठीक नहीं हो जाते) में बच्चों का परिवहन नहीं करेंगे। यदि ऐसे किसी वाहन के द्वारा बच्चों का परिवहन किया जाता है व कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो समस्त उत्तरदायित्व विद्यालय प्रबंधन का होगा और उसके विरूद्ध आपराधिक मुकदमा पंजीकृत करा दिया जाएगा तथा विद्यालय की मान्यता प्रत्याहरण हेतु सम्बन्धित को संस्तुति कर दी जाएगी।

Leave a Reply