DniNews.Live

यूपी में गेहूं का खरीद मूल्य 160 रुपए बढ़ा:कानपुर में बिजली प्लांट शुरू होगा, गोरखपुर सोलर सिटी बनेगी; 35 प्रस्ताव पास

मुख्यमंत्री योगी की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट बैठक हुई। इसमें 37 में से 35 प्रस्तावों को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिली। सरकार ने किसानों को बड़ी सौगात देते हुए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में 160 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी का ऐलान किया। कैबिनेट के फैसलों के बारे बताते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश में इस साल 30 मार्च से 15 जून तक गेहूं खरीद होगी। इसके लिए 6500 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। गेहूं के लिए MSP 2585 रुपए प्रति क्विंटल तय की है। यह बीते साल के दाम 2425 रुपए से 160 रुपए प्रति क्विंटल ज्यादा है। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद का लक्ष्य 50 लाख मीट्रिक टन रखा गया है। बिचौलियों पर लगाम के लिए अभी से रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोल दिए गए हैं। खरीद प्रक्रिया 8 एजेंसियों के माध्यम से होगी। इनमें एफसीआई, यूपी मंडी परिषद, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, नैफेड और एनसीसीएफ शामिल हैं। कैबिनेट ने गोरखपुर को सोलर सिटी बनाने और प्रदेश के 58 जिलों में नगर पालिकाओं को स्मार्ट बनाने वाली ‘नवयुग पालिका योजना’ को मंजूरी दी। इसके अलावा, घाटमपुर में 660 मेगावाट की तीसरी यूनिट शुरू करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दिखाई। कैबिनेट ने चीनी उद्योग और लखीमपुर से जुड़ा प्रस्ताव रद्द कर दिया। योगी कैबिनेट के अहम फैसले 1. घाटमपुर पावर प्लांट के लिए 2242.90 करोड़ रुपए मंजूर
नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा ने बताया कि घाटमपुर में 660 मेगावाट की तीन यूनिट लगाई जानी है। दो यूनिट शुरू हो गई है। तीसरी यूनिट जल्द शुरू हो जाएगी। सरकार ने हमें झारखंड में कोल ब्लॉक आवंटित किया था। उस ब्लॉक को चलाने के लिए कैबिनेट ने 2242.90 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। इस कोयले से घाटमपुर पावर प्लांट के लिए कोयला आएगा। कोल ब्लॉक से 270 मिलियन टन कोयला मिलेगा। अभी घाटमपुर से 3.71 रुपए/यूनिट की कॉस्ट है। कोल ब्लॉक से कोयला मिलने के बाद 1 रुपए प्रति यूनिट कम लागत आएगी। 2. नवयुग पालिका योजना को मंजूरी, नगर पालिकाएं होंगी स्मार्ट
कैबिनेट ने बजट में घोषित ‘नवयुग पालिका योजना’ को मंजूरी दे दी है। इस योजना का मकसद जिला मुख्यालय की नगर पालिकाओं को स्मार्ट और आधुनिक बनाना है। प्रदेश के 75 जिलों में 17 नगर निगम को छोड़कर बाकी 58 जिला मुख्यालयों में यह योजना लागू की जाएगी। इससे शहरी सुविधाओं में सुधार होगा। नगर पालिकाओं में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। योजना के लिए 145 करोड़ का बजट है। योजना पांच साल के लिए है। 3. गोरखपुर में सोलर सिटी बनाएंगे, फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगेगा
उन्होंने बताया कि गोरखपुर को सोलर सिटी बनाने के लिए चिलुआताल में 20 मेगावॉट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाया जाएगा। इसे कोल इंडिया लिमिटेड लगा रहा है। 80 एकड़ जमीन मिली है। प्रदेश में पहले ही दो फ्लोटिंग सोलर प्लांट स्थापित हो चुके हैं। औरैया जिले में एनटीपीसी की तरफ से 20 मेगावॉट और खुर्जा में टीएचडीसी की तरफ से 11 मेगावॉट क्षमता का प्लांट लगाया गया है। 4. निजी निवेशकों को बिजनेस पार्क के लिए सरकार जमीन देगी
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि यूपी में निजी बिजनेस पार्क विकास योजना को मंजूरी दे दी गई है। इस योजना का मकसद औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने बताया कि निजी निवेशकों को बिजनेस पार्क के लिए सरकार जमीन देगी। उस जमीन की कीमत 45 साल में किश्तों में वसूली जाएगी। उन्होंने बताया कि निवेशक को बिजनेस पार्क विकसित करना होगा। उत्तर प्रदेश मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क नीति के तहत ग्रेटर नोएडा के बुढ़ाकी में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क विकसित किया जाएगा। वहां लॉजिस्टिक वेयर हाउस के लिए बनाया जाएगा। अगले तीन महीने में लॉजिस्टिक हब का टेंडर जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क बनाया जाएगा। ग्रेटर नोएडा के पास दादरी और जेवर एयरपोर्ट है। औद्योगिक निर्माण की गति बढ़ रही है। इससे एक्सपोर्ट बढ़ेगा। देश के अन्य राज्यों में भी माल भेजा जाएगा। इसके लिए जरूरी है कि लॉजिस्टिक वेयर हाउसिंग का बड़ा हब बने। 5. लखनऊ में 10 हजार लोगों की क्षमता का कन्वेशन सेंटर बनेगा
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि लखनऊ में वृंदावन योजना में 10 हजार लोगों की क्षमता का कन्वेशन सेंटर बनाया जाएगा। इसमें 1435.25 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। 2500 लोगों की क्षमता का ऑडिटोरियम होगा। 5000 लोगों के भोजन की व्यवस्था होगी। होटल भी बनाया जाएगा। 6. लखनऊ-हरदोई मार्ग पर फ्लाईओवर बनेगा, 305 करोड़ खर्च होंगे
मंंत्री ने बताया कि लखनऊ-हरदोई मार्ग पर दुबग्गा में फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। यह फ्लाईओवर ₹305.31 करोड़ की लागत से तैयार होगा। इसकी कुल लंबाई 1811.72 मीटर होगी। फ्लाईओवर बनने से इस मार्ग पर ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और आवागमन आसान होगा। अब एक नजर अन्य बड़े फैसलों पर योगी ने मंत्रियों को दिए जिलों का दौरा करने के निर्देश कैबिनेट बैठक में सीएम योगी ने कहा- मंत्री केवल लखनऊ या अपने विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहें। सभी जिलों का दौरा कर विभागीय योजनाओं की समीक्षा के साथ कार्यकर्ताओं से भी संवाद करें। मंत्री जिलों में जाकर सरकार के 9 साल की उपलब्धियां जनता को बताएं। सीएम ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में 70 विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जहां 70 हजार से लेकर सवा लाख तक मतदाता कम हुए हैं। लेकिन उसकी तुलना में नए मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए फार्म- 6 नहीं मिले हैं। स्थानीय विधायक खुद इसे देखें, चुनाव से पहले मतदाताओं की संख्या बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री जिलों में जाकर गैस की किल्लत से हो रही समस्या को संभालें। घरेलू रसोई की कोई समस्या नहीं है। सरकार प्रयास कर रही है कि सभी को आवश्यकता अनुसार गैस मिले। सरकार प्रयास कर रही है कि खाद की कमी नहीं हो। मंत्री खाद खरीद केंद्र पर जाकर मुआयना करें। इस दौरान सीएम ने परिवहन मंत्री की चुटकी लेते हुए कहा कि दयाशंकर सिंह जब आ जाएं, तो समझ लीजिए कि सब आ गए। ———————— ये खबर भी पढ़िए- शंकराचार्य 2.18 लाख सैनिकों की ‘चतुरंगिणी’ सेना बनाएंगे, काशी में ऐलान, कहा- रोकेगी, टोकेगी फिर ठोक देगी वाराणसी में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने सोमवार को चतुरंगिणी सेना बनाने का ऐलान किया। उन्होंने बताया- चतुरंगिणी सेना में 2 लाख 18 हजार 700 सैनिक होंगे। इसमें देशभर से लोग भर्ती होंगे। यह सेना गोरक्षा, धर्म रक्षा, शास्त्र रक्षा और मंदिर रक्षा का कार्य करेगी। उनकी ड्रेस पीली होगी। हाथ में परशु (फरसा) होगा। पूरी खबर पढ़िए

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *