मधुबनी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को खजौली थाना परिसर स्थित सभागार में पुलिस-पब्लिक बैठक आयोजित की गई। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 खजौली मनोज राम सहित बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी वर्ग और आम लोग शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी मनोज राम ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद क्षेत्र का माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की। डीएसपी ने थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह को निर्देश दिया कि थाना क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत से दस-दस लोगों के नाम और मोबाइल नंबर की सूची तैयार की जाए। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों की पहचान कर उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ने जोर दिया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है, जिसमें पुलिस और जनता दोनों की सहभागिता आवश्यक है। वहीं, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने के लिए आम जनता का धन्यवाद दिया। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों—जिप सदस्य दीपक कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार भारती, मिथिलावादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, चंद्रडीह पंचायत के मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष जयप्रकाश मंडल—ने कहा कि क्षेत्र में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। इन नेताओं ने पुलिस-पब्लिक बैठक को पुलिस प्रशासन की सराहनीय पहल बताया और कहा कि इससे लोगों का विश्वास बढ़ा है। बैठक में जिला राजद उपाध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद यादव, मुखिया अर्जुन सिंह, छुटू पासवान, बबलू महतो, पूर्व मुखिया महेंद्र प्रसाद सिंह, सुधीर कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, सरपंच कारण सिंह, मुखिया संजय राम, मो. हारून, मो. गुलाम, अमरेश कुमार सिंह, कुशे राम, शिव शंकर प्रसाद साह समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि, आम जनता व बुद्धिजीवी उपस्थित थे।
https://ift.tt/OGtrBuq
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply