वाराणसी जनपद के बड़ागांव थाना अंतर्गत हरहुआ रिंग रोड चौराहे के समीप सोमवार की दोपहर एक तेज रफ्तार डीसीएम ने तीन गाड़ियों को टक्कर मार दिया। रिंग रोड फेज-एक पर वाजिदपुर गांव के पास हुए इस हादसे में एक के बाद एक तीन कारें आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना उस समय हुई जब गाड़ियाँ चौराहे पर सिग्नल खुलने का इंतजार कर रही थीं। झपकी आने से बेकाबू हुआ डीसीएम
आजमगढ़ के जहानागंज निवासी चालक सुरेंद्र यादव परिवार ब्रेड की डीसीएम लेकर जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर माल उतारकर वापस लौट रहा था। पूछताछ में चालक ने बताया कि गाड़ी चलाते समय उसे अचानक झपकी आ गई थी। जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। रफ्तार इतनी तेज थी कि डीसीएम ने सबसे पहले एक आई-10 कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के प्रभाव से आई-10 आगे खड़ी बलेनो से जा टकराई और बलेनो ने अपने आगे खड़ी टीयूवी में टक्कर मार दी।
शीशा तोड़कर निकाले गए घायल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कारों के शीशे तोड़कर भीतर फंसे बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बड़ागांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। आई-10 में सवार जौनपुर के लाइन बाजार निवासी यशवर्धन सिंह (25) अपनी कार से सुषमा सिंह (48), संध्या (38) और 12 वर्षीय गौरव के साथ पंडित दीनदयाल अस्पताल से दवा दिलाकर लौट रहे थे। इस परिवार के सदस्य मामूली रूप से घायल हुए हैं। वहीं बलेनो में मेउड़ी निवासी लोग सवार थे, जिन्हें चोटें आई हैं।इसी तरह टीयूवी में कार चालक नीरज श्रीवास्तव भी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply