मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत उरमौरा स्थित डायट परिसर में 304 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें 302 हिंदू और 2 मुस्लिम जोड़े शामिल थे। यह आयोजन सरकारी खर्चे पर किया गया। जिलाधिकारी बी.एन. के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी और उनकी टीम ने विवाह समारोह की व्यवस्था संभाली। इस दौरान वर-वधू पक्ष के लोगों का स्वागत सत्कार किया गया और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार बारातें आईं। इस योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े पर कुल एक लाख रुपये का व्यय किया गया। इसमें कन्या के दाम्पत्य जीवन में खुशहाली और गृहस्थी की स्थापना के लिए 60 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उसके खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इसके अतिरिक्त, कन्या को वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान करने हेतु 25 हजार रुपये खर्च किए गए। कार्यक्रम के आयोजन, जिसमें भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत/प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल थीं, के लिए प्रति जोड़े 15 हजार रुपये व्यय किए गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि विकास खंड रावर्टसगंज से 78, करमा से 51, चतरा से 48, नगवां से 47 और घोरावल से 80 पात्र जोड़े इस सामूहिक विवाह में सम्मिलित हुए। नवविवाहित जोड़ों को पायल-बिछिया, गद्दा, तकिया, साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, लहंगा, चादर प्रेस, डिनर सेट, सीलिंग फैन, मिष्ठान और कलाई घड़ी जैसे वैवाहिक उपहार प्रदान किए गए। बिरला कार्बन रेनूकूट द्वारा भी वैवाहिक जोड़ों को उपहार सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सासंद छोटे लाल खरवार, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख नगवां, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा जनप्रतिनिधिगण तथा अपर जिलाधिकारी नमामिगंगे, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरियां, अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशू शेखर शर्मा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारीगणों द्वारा उपस्थित वर-वधू का कन्यादान करते हुए उन्हे अपना आर्शिवाद प्रदान किया।

Leave a Reply