महाराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में सिंचाई विभाग ने नहर की पटरी से अवैध अतिक्रमण हटाया। विभाग ने जेसीबी मशीन का उपयोग कर कई झोपड़ियों को ध्वस्त किया। सिंचाई विभाग ने ग्रामीणों को पहले ही अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय-सीमा में झोपड़ियां नहीं हटाने पर विभाग के कर्मचारी पुलिस बल और जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन कार्रवाई जारी रही।
सहायक अभियंता एस.एन. चौधरी ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले भी लिखित सूचना दी गई थी। निर्धारित समय में झोपड़ियां और सामान नहीं हटाने के कारण उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाया गया।
स्थानीय ग्रामवासी वासुदेव ने आरोप लगाया कि विभाग के कर्मचारियों ने बिना पैमाइश किए ही झोपड़ियों को हटा दिया, जिससे ग्रामीणों को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि पैमाइश के बाद कार्रवाई होती तो इतना नुकसान नहीं होता। अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के दौरान जिलेदार संजीव सिंह, मनोज कुमार, कृपा शंकर अग्रहरी, अशोक कुमार, अनुग्रह राय, रूपेश वर्मा सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply