मुजफ्फरनगर जनपद में एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मीरापुर थाना क्षेत्र के संभलहेड़ा गांव निवासी एक स्क्रैप कारोबारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शानू मलिक के रूप में हुई है, जिस पर देश और समाज विरोधी पोस्ट साझा करने का आरोप है। उसके खिलाफ यूएपीए सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सहारनपुर एटीएस टीम ने रविवार रात छापेमारी कर आरोपी शानू मलिक को हिरासत में लिया। इसके बाद एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीमों ने उससे गहन पूछताछ की। इस दौरान आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की बारीकी से जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर लगातार देश और समाज विरोधी सामग्री साझा कर रहा था। पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भारत विरोधी पोस्ट अपलोड किए थे।
पूछताछ के बाद एटीएस ने आरोपी को मीरापुर थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शानू मलिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि आरोपी केरल में स्क्रैप का कारोबार करता था और उसकी सोशल मीडिया गतिविधियां संदिग्ध पाई गई थीं। इस मामले में एसपी देहात आदित्य बंसल ने जानकारी दी कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और देशविरोधी पोस्ट की सूचना मिलने के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया था। उसके मोबाइल और अकाउंट्स की गहन जांच में कई आपत्तिजनक वीडियो और पोस्ट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply