पीलीभीत के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चंदोई में सोमवार को क्रिकेट खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो अलग-अलग समुदायों के युवकों के बीच हुई मारपीट में दोनों पक्षों के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने तनाव को देखते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। एक-दूसरे पर गंभीर आरोप यह घटना सोमवार को ग्राम चंदोई और सिरसा के बीच खाली पड़े खेतों में क्रिकेट मैच के दौरान शुरू हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। ग्राम चंदोई निवासी मोहम्मद इसरार ने अपनी तहरीर में बताया कि उनका भाई आसिफ खेतों में क्रिकेट खेल रहा था। आरोप है कि मोहल्ला खकरा निवासी सोनी सरकार, टिंकू और दिलप्रीत सहित लगभग 10 अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने लाठी, डंडे और धारदार हथियार (बंके) से आसिफ पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे इसरार को भी पीटकर घायल कर दिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष के निशांत सिंह और सोनू सरदार ने आरोप लगाया है कि विवाद की शुरुआत आसिफ ने की थी। उनकी तहरीर के अनुसार, आसिफ का बल्ला गुरुसेवक उर्फ सोनी के पास था। जब आसिफ उसे लेने सिरसा गांव गया, तो उसने मैदान में खेल रहे छोटे बच्चों को डांटना शुरू कर दिया। दो समुदायों के बीच टकराव गुरुसेवक द्वारा इसका विरोध करने पर आसिफ ने अपने साथियों को बुलाकर मारपीट शुरू कर दी, जिसमें गुरुसेवक घायल हो गया। घटना की संवेदनशीलता और दो समुदायों के बीच टकराव की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत शांति व्यवस्था कायम की और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply