सुल्तानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगे हैं। खातेदारों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से शिकायत की है कि ग्राम प्रधान तालाब के भीटे पर स्थित पेड़ों की नीलामी की आड़ में उनकी निजी जमीन पर लगे पेड़ों को अवैध रूप से कटवाकर बेच रहे हैं। एसडीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। शिकायतकर्ताओं ने जनहित में नीलामी प्रक्रिया स्थगित करने और अवैध कटान रोकने की मांग की है। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान ने ग्राम सभा के तालाबों (गाटा संख्या 20, 312) के भीटे पर स्थित पेड़ों को बेचने के लिए गलत तरीके से नीलामी का प्रस्ताव भेजा। सेवतरी ग्राम निवासी भानुप्रताप सिंह, अशोक वर्मा और देवेंद्र सिंह सहित अन्य खातेदारों ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि इस नीलामी की आड़ में प्रधान ठेकेदार के माध्यम से खातेदारों की निजी जमीन, जिसमें गाटा संख्या 313, 311, 18, 21, 22, 29 शामिल हैं, पर लगे पेड़ों की कटान करवा रहे हैं। मामले में ठोस कार्रवाई न होने पर सह-खातेदारों विकास सिंह और देवेंद्र कुमार सिंह ने सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुनः गाटा संख्या 311, 1821 पर लगे पेड़ों की कटान को तालाब (गाटा संख्या 312, 20) के भीटे की आड़ में कराए जाने का आरोप लगाया। उपजिलाधिकारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच कराई जा रही है। एसडीएम के निर्देश पर बीते बुधवार सुबह जयसिंहपुर के सहायक चकबंदी अधिकारी, तृतीय द्वारा प्रस्तुत जांच आख्या में महत्वपूर्ण खुलासा हुआ है। जांच रिपोर्ट में पाया गया है कि काटे जा रहे पेड़ खातेदारों के नाम दर्ज हैं।

Leave a Reply