DniNews.Live

लखीमपुर में 14-15 वर्ष की किशोरियों को निःशुल्क HPV टीका:सर्वाइकल कैंसर रोकथाम अभियान की हुई शुरुआत, डीएम ने किया उद्घाटन

लखीमपुर खीरी में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस वैक्सीन) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता वाले इस अभियान की शुरुआत जिला महिला चिकित्सालय से हुई। अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, विधायक योगेश वर्मा, बीजेपी जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता, मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. वाणी गुप्ता और सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने इस अवसर पर कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे सुरक्षित और प्रभावी तरीका है। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाने की अपील की। यह वैक्सीन 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। टीकाकरण के लिए अभिभावक U-WIN डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण कर अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव अब संभव है, जिसके लिए सरकार ने निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन की सुविधा प्रदान की है।
बीजेपी जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने प्रधानमंत्री की पहल का जिक्र करते हुए कहा कि देश के नेतृत्व ने बेटियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है। उन्होंने सभी से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। जिला महिला अस्पताल से शुरू हुए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के तहत जिले को 12 हजार किशोरियों का लक्ष्य आवंटित किया गया है। CMO डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि टीकाकरण जिला महिला अस्पताल एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार किया जाएगा। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है। अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों को निःशुल्क वैक्सीन लगाई जाएगी। अभिभावक U-WIN डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन कर आसानी से अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *