DniNews.Live

मस्जिद हटाने के लिए मंत्री संजय निषाद ने धरना दिया:प्रयागराज में बोले- श्रृंगवेरपुरधाम की जमीन पर कब्जा कर बनी है मस्जिद; 5 km लंबा जाम

यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद प्रयागराज में एक मस्जिद हटाने की मांग को लेकर सोमवार को धरने पर बैठ गए। मंत्री के धरने के चलते NH-30 पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मंत्री ने आरोप लगाया कि मस्जिद अवैध रूप से श्रृंगवेरपुरधाम की जमीन पर बनाई गई है। दावा किया कि करीब 15 साल पहले दूसरे समुदाय के लोगों ने मंदिर के पुजारी की हत्या कर वहां मस्जिद बना ली। उधर, धरने की सूचना मिलते ही 1000 से अधिक कार्यकर्ता और समर्थक भी मौके पर पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मंत्री को समझाने लगे। करीब 2 घंटे तक चले धरने की समाप्ति अधिकारियों के मस्जिद जल्द हटवाने के आश्वासन के बाद की गई। दरअसल, प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर में मंत्री निषाद पहुंचे थे। आज महाराजा गुहाराज निषाद के जन्मदिन पर उनको निषादराज पार्क में पूजा करना था। वहां मस्जिद देखकर उन्होंने उसे हटाने की मांग करते हुए NH पर धरना शुरू कर दिया। श्रृंगवेरपुरधाम में स्थित निषादराज पार्क में भगवान श्रीराम और निषाद राज की गले मिलती हुई 51 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित है। देखिए 3 तस्वीरें… संजय निषाद ने 2023 में भी मस्जिद हटाने की मांग की थी दो साल पहले, मार्च 2023 में भी संजय निषाद ने मस्जिद को हटाने की मांग की थी। तब उन्होंने कहा था कि मैंने 2013 से इस जगह (श्रृंगवेरपुर धाम) को साफ करवाना शुरू किया था, तो वहां कोई मस्जिद नहीं थी। लेकिन बाद में एक मस्जिद आ गई। तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी द्वारा पुरातत्व विभाग से कराए गए उत्खनन में वहां निषादराज का किला पाया गया था। उस समय वहां मस्जिद नहीं थी। लेकिन बाद में वहां अवैध रूप से मस्जिद बना ली गई। मंत्री ने दावा किया था कि रिकॉर्ड में और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के नक्शे में भी कोई मस्जिद नहीं थी। इसे हटाया जाना चाहिए। निषाद पार्टी ने 2013 से श्रृंगवेरपुर किले में निषादराज जयंती और विमुक्ति दिवस जैसे कार्यक्रम मनाना शुरू किया था। योगी सरकार ने श्रृंगवेरपुर धाम का सौंदर्यीकरण कराया था महाकुंभ से पहले ही योगी सरकार ने श्रृंगवेरपुर धाम का सौंदर्यीकरण कराया था। करीब 14 करोड़ की लागत से धाम में भव्य कॉरिडोर बनाया गया। निषादराज पार्क 6 हेक्टेयर में बना है। पार्क में प्रभु श्रीराम और निषदाराज की गले मिलती 52 फीट की प्रतिमा है। दिसंबर 2024 में पीएम मोदी ने इसका उद्घाटन किया था। श्रृंगवेरपुर धाम में गंगा किनारे निषादराज पार्क बना है। श्रृंगवेरपुर में पहुंचे हैं मंत्री निषाद, गोरखपुर में रविवार को रैली की थी संजय निषाद की प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर में सोमवार को पहुंचे। इससे पहले गोरखपुर में रैली कर संजय निषाद ने रविवार को 2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया था। उन्होंने 3000 बाइक के साथ 10 किमी की रैली निकाली थी। उन्होंने कहा था कि सपा ने हमारी पढ़ाई-लिखाई छीन ली, जबकि बसपा ने रोजी-रोटी छीनी। ये वापस होना चाहिए। हमारे समाज की गिनती, हमारी गिनती अनुसूचित जाति में हो, इसके लिए हम 4 बड़ी रैलियां करने जा रहे हैं। निषाद पार्टी के यूपी में हैं 9 विधायक यूपी में निषाद पार्टी अभी भाजपा के साथ गठबंधन में हैं। पार्टी का पूरा नाम- निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल है। विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए पार्टी ने अपनी गतिविधि तेज कर दी है। 2022 में निषाद पार्टी ने भाजपा के साथ मिलकर 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इसमें 9 सीटों पर जीत मिली थी। 6 विधायक निषाद पार्टी के सिंबल (थाली) पर थे, बाकी 3 ने भाजपा के सिंबल पर चुनाव जीता था। खबर को अपडेट किया जा रहा है…

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *