उत्तर प्रदेश सरकार के “मिशन शक्ति फेज 5.0” (द्वितीय चरण) अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बलिया पुलिस लाइन में एक बाइक रैली निकाली गई। इस रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। रैली को एएसपी दक्षिणी कृपा शंकर और एएसपी उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पुलिस लाइन बलिया से शुरू होकर कुंवर सिंह चौराहा, टीडी कॉलेज, कलेक्ट्रेट स्टेडियम तिराहा से होते हुए वापस पुलिस लाइन बलिया में समाप्त हुई। उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे इस महत्वाकांक्षी “मिशन शक्ति” अभियान का लक्ष्य महिलाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, समाज में सम्मानजनक स्थान और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। इसके तहत सभी क्षेत्रों में महिलाओं की समान सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। रैली के दौरान, महिलाओं और बालिकाओं को अपने आत्मसम्मान से समझौता न करने, उनके अधिकारों और सहयोग के लिए चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पोस्टरों के माध्यम से आपातकालीन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन – 1090, महिला हेल्पलाइन – 181, पुलिस आपात सेवा – 112, सीएम हेल्पलाइन – 1076, स्वास्थ्य सेवा – 102, एम्बुलेंस – 108, और साइबर हेल्पलाइन – 1930 के प्रति भी जागरूक किया गया। “मिशन शक्ति फेज 5.0” (द्वितीय चरण) के अंतर्गत प्रदेश के सभी जनपदों में स्थित थानों पर महिला हेल्पडेस्क का विस्तार कर “शक्ति केंद्र” स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर महिलाओं की शिकायतों और समस्याओं का कम समय में निस्तारण किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर राकेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक राम बेलास सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply