DniNews.Live

बरेली की पॉश कॉलोनी में हाईटेक कार चोरी:मिनटों में गाड़ी लेकर फरार, CCTV में कैद वारदात

बरेली की पॉश कॉलोनी रामपुर गार्डन में हाईटेक तरीके से कार चोरी का मामला सामने आया है। रविवार देर रात हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कॉलोनी निवासी कारोबारी रवि खंडेलवाल के बेटे अर्जुन खंडेलवाल की क्रेटा कार को चोरों ने निशाना बनाया। खास बात यह रही कि चोर खुद भी एक क्रेटा कार में सवार होकर आए थे, जिससे उनकी सुनियोजित योजना का अंदाजा लगता है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोरों ने पहले अपनी कार को टारगेट कार के बराबर में खड़ा किया। इसके बाद एक चोर ने बड़ी सफाई से कार का शीशा तोड़ा और अंदर घुस गया। कुछ ही मिनटों में उसने लॉक सिस्टम तोड़कर कार स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया। चोरी इतनी खामोशी और तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह जब परिवार के सदस्य बाहर निकले, तो कार गायब देख हड़कंप मच गया। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पूरी घटना सामने आई। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी कॉलोनी में तीन दिन पहले भी एक अन्य कारोबारी की क्रेटा कार चोरी करने का प्रयास किया गया था। इससे साफ है कि चोरों का गिरोह पहले से इलाके की रेकी कर रहा था और लगातार गाड़ियों को निशाना बना रहा है। पॉश कॉलोनी में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब हाई-प्रोफाइल इलाकों में भी गाड़ियां सुरक्षित नहीं हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा करना मुश्किल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *