DniNews.Live

मिल्कीपुर समाधान दिवस में नहीं पहुंचे एडीएम:114 में सिर्फ 6 मामलों का निस्तारण, अधिकारियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

मिल्कीपुर तहसील परिसर में सोमवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस एडीएम (एफआर) अमित भट्ट की अनुपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम भट्ट को करनी थी, लेकिन उनके न पहुंचने के कारण समाधान दिवस बिना अध्यक्ष के ही चला। शनिवार को अवकाश होने के कारण इस बार समाधान दिवस सोमवार को आयोजित किया गया था। कुल 114 शिकायतें आईं, जिनमें से केवल 6 का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह और नायब तहसीलदार लखन लाल सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पालपुर ग्राम पंचायत के तेंधा राम निवासी मोहनलाल गुप्ता ने शिकायत की कि ग्राम पंचायत की सीलिंग की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से अब तक 56 बार शिकायत करने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। इस पर एसडीएम ने बताया कि मामला धारा 67 के तहत न्यायालय में विचाराधीन है और आदेश आने के बाद ही कार्रवाई संभव होगी। वहीं, जाखा गांव निवासी बिट्टू पांडे ने आरोप लगाया कि उनके ससुर सोमनाथ पांडे ने उनके नाम जमीन का बैनामा कर कब्जा दिला दिया है, लेकिन विपक्षी उन्हें गेहूं की फसल काटने से रोक रहे हैं और जबरन फसल काटने की धमकी दे रहे हैं। एसडीएम ने इनायत नगर थाना प्रभारी और राजस्व निरीक्षक को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कई तहसील स्तरीय अधिकारी अनुपस्थित मिले। अधिकतर शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी थीं। उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने कहा कि अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अन्य मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *