DniNews.Live

कन्नौज में दो भाई अनशन पर:चौकी इंचार्ज पर झूठी रिपोर्ट का आरोप, सीसीटीवी वीडियो से सबूत मौजूद

कन्नौज जिले के दो सगे भाई सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर अनशन पर बैठ गए। उन्होंने एक चौकी इंचार्ज पर मनमाने तरीके से झूठी रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप लगाया है। यह मामला ठठिया थाना क्षेत्र के मुचुआपुर गांव का है। अजमेर अली के बेटे एवन अली और शहनूर अली ने कलक्ट्रेट परिसर में बरगद के पेड़ पर बैनर टांगकर डीएम कार्यालय के सामने अपना अनशन शुरू किया। मामले की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त एसडीएम मौके पर पहुंचे। उन्होंने एवन और शहनूर से बातचीत की और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। अनशन पर बैठे भाइयों ने बताया कि वे पंजाब प्रांत के फरीदकोट में रहकर निजी काम करते हैं। इसके बावजूद उनके गांव के एक परिवार के लोग उनसे रंजिश रखते हैं और चौकी इंचार्ज के साथ मिलकर उन पर मारपीट का झूठा मामला दर्ज करवा दिया है। उन्होंने दावा किया कि जिस दिन और समय मारपीट की घटना बताई गई है, उस समय के फरीदकोट, पंजाब के सीसीटीवी फुटेज उनके पास साक्ष्य के तौर पर मौजूद हैं। भाइयों के अनुसार, जब उन्होंने चौकी इंचार्ज को यह वीडियो दिखाने का प्रयास किया, तो उन्होंने न तो वीडियो देखा और न ही उनकी बात सुनने को तैयार हुए। भाइयों ने यह भी बताया कि जिस तारीख में घटना दिखाई गई है, वह करीब छह महीने पुरानी है। फिलहाल, अधिकारी उनसे बातचीत कर अनशन समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *