मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव नंगली गजरौली में सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक किसान की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी श्यामलाल (पुत्र हरपाल) के रूप में हुई है। इस हादसे में नलका लगाने वाला एक अन्य व्यक्ति भी झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्यामलाल अपने प्लॉट में नलका गढ़वा रहे थे। इसी दौरान नलके का पाइप अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गया। करंट लगने से श्यामलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नलका लगाने वाला व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिवार में मातम छा गया है। बताया जा रहा है कि मृतक श्यामलाल के छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई स्थानों पर बिजली की हाईटेंशन लाइनें काफी नीचे झूल रही हैं, जिससे लगातार हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल उचित कदम उठाने की मांग की है। श्यामलाल के शव को हस्तिनापुर सामुदायिक केंद्र लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply