बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल मंत्रिमंडल गठन के बाद पहली बार किशनगंज पहुंचे। यहां माता गुजरी मेडिकल कॉलेज में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास पर महत्वपूर्ण बयान दिए। पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. जायसवाल ने बताया कि 49 दिनों में उन्होंने 38 जिलों का दौरा किया। उनका एकमात्र उद्देश्य कार्यकर्ताओं से संवाद कर एनडीए सरकार को फिर से सत्ता में लाना था, जिसमें वे सफल रहे। ‘NDA सरकार बिहार में कानून का राज स्थापित करेगी’ उन्होंने कहा कि NDA सरकार बिहार में कानून का राज स्थापित करेगी। शुक्रवार से ही अपराध मुक्त बिहार का मिशन शुरू हो चुका है। डॉ. जायसवाल ने जोर देकर कहा कि गलत करने वाले किसी भी व्यक्ति को सजा मिलेगी और स्पीडी ट्रायल चलाकर उसे जेल भेजा जाएगा। ‘राज्य के युवाओं का पलायन रोकना प्राथमिकता’ उद्योग मंत्री के रूप में अपनी सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं का पलायन रोकना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को रोजगार मिले और कानून का राज स्थापित हो, ये उनकी दो मुख्य प्राथमिकताएं हैं। सभी को सरकारी नौकरी देना संभव नहीं – दिलीप कुमार जायसवाल डॉ. जायसवाल ने स्वीकार किया कि सभी को सरकारी नौकरी देना संभव नहीं है। इसलिए, युवाओं को रोजगार कैसे मिले, इसका रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अन्य देशों से लोग यहां उद्योग स्थापित करें, इसके लिए श्रम विभाग ने कई नए कानून बनाए हैं। 25 नवंबर को बिहार कैबिनेट की पहली बैठक होगी उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 25 नवंबर को बिहार कैबिनेट की पहली बैठक होगी, जिसमें बिहार में उद्योगों का जाल बिछाने पर प्रमुखता से निर्णय लिया जाएगा। इसी दिन भारत सरकार के साथ भी एक बैठक निर्धारित है, जहां उद्योगों के विस्तार पर चर्चा होगी। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
https://ift.tt/h89yzG3
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply