देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक बाल अपचारी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया है। क्षेत्राधिकारी सदर संजय रेड्डी ने बताया कि थाना क्षेत्र में 7 फरवरी को एक घर में और 14 मार्च को एक स्कूल में चोरी की वारदातें हुई थीं। इन दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के क्रम में रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग मलघोट (मल्होत्रा) गांव के पास एक बाग में चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से एक बाल अपचारी समेत पांच आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विशाल शाह, प्रेम कुमार, उपेंद्र उर्फ गुच्चू और रोहित के रूप में बताई। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार जैसे प्लास, लोहे की छड़, पेचकस, रिंच और आरी बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिन में कबाड़ बीनने के बहाने गांवों की रेकी करते थे और रात में सुनसान घरों व स्कूलों को निशाना बनाकर ताला तोड़कर चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 5 बैटरी, एक इनवर्टर, एक टुल्लू मोटर, दो एलईडी टीवी, एक हैंडपंप और चांदी के आभूषण (पायल, पाजेब, बिछिया) बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने चोरी के सोने के जेवर और एक टीवी बरियारपुर निवासी एक व्यक्ति को लगभग 90 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है। सीओ सदर ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply