अंबेडकरनगर मे गर्मी के मौसम में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग पुराने ट्रांसफार्मरों को बदलने, उनकी क्षमता बढ़ाने, जर्जर तारों को ठीक करने और व्यापक रख-रखाव जैसे कार्य कर रहा है। जिले में लगभग 4.5 लाख बिजली उपभोक्ताओं को 41 बिजली घरों के माध्यम से आपूर्ति की जाती है। हालांकि, गांवों और मोहल्लों तक बिजली पहुंचाने के लिए दशकों पुराने तार अभी भी उपयोग में हैं, जिससे गर्मी के दिनों में तार टूटने और ट्रिपिंग की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इस समस्या से निपटने के लिए विभाग खराब तारों और खंभों को ‘रिवैंप योजना’ के तहत दुरुस्त कर रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शॉर्ट सर्किट से होने वाली बिजली आपूर्ति की बाधाओं को रोकना है। गर्मी के मौसम में ट्रांसफार्मरों पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को देखते हुए, अकबरपुर बिजली घर परिसर के निकट स्थित ट्रांसफार्मर कार्यशाला में खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत का कार्य भी तेज कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि मेंटेनेंस का कार्य लगातार किया जा रहा है, ताकि गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply