देवरिया में विश्व हिन्दू महासंघ ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर पुरवा चौराहा का नाम ‘वंदे मातरम् चौक’ करने की मांग की । संगठन के पदाधिकारियों ने सुबाष चौक से प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह मांग अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के 95वें शहादत दिवस तथा ‘वंदे मातरम्’ गीत की 151वीं वर्षगांठ के अवसर पर उठाई गई। ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। इस उद्घोष ने देश के वीर सपूतों में अदम्य साहस और त्याग की भावना जगाई, जिसके बल पर उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आज़ाद कराया। संगठन के जिलाध्यक्ष संजय तिवारी ने बताया कि यदि प्रशासन द्वारा पुरवा चौराहा का नाम ‘वंदे मातरम् चौक’ घोषित किया जाता है, तो वहां शहीदों के चित्र, भारत माता की प्रतिमा, तिरंगा ध्वज, यातायात संकेतक और ‘वंदे मातरम्’ गीत की पट्टिका स्थापित की जाएगी। इसका उद्देश्य उस स्थल को राष्ट्रभक्ति के प्रतीक के रूप में विकसित करना है। उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के नामकरण से युवाओं में देशभक्ति की भावना और मजबूत होगी। साथ ही, शहीदों के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ेगी। यह स्थान आने वाली पीढ़ियों को देश के इतिहास और बलिदानों की याद दिलाता रहेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से अपील की कि शहीदों की स्मृति और राष्ट्रभावना को सशक्त करने के लिए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए। संगठन का मानना है कि यह पहल समाज में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply