DniNews.Live

हमीरपुर महोत्सव आज से शुरू, पांच दिवसीय आयोजन:लखवीर लक्खा, रेणुका पंवार, फरहान साबरी देंगे प्रस्तुति

हमीरपुर में पांच दिवसीय महोत्सव आज से चौरा देवी मंदिर प्रांगण में शुरू हो रहा है। 23 से 27 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, बॉलीवुड नाइट, रासलीला और रामलीला सहित कई आकर्षक आयोजन होंगे। महोत्सव का शुभारंभ सोमवार शाम 6 बजे होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, हमीरपुर सांसद अजेंद्र सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत और नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। प्रशासनिक टीमें कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में जुटी हैं और पूरे आयोजन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उद्घाटन के बाद शाम को पोल मलखंभ का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भजन गायक लखवीर सिंह लक्खा भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे। 24 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कृषि, वन एवं उद्यान सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें किसान, कृषक उत्पादन संगठन, उद्यान एवं बागवानी विशेषज्ञ, मत्स्य उत्पादन संघ, पशुपालक और डेरी समितियां भाग लेंगी। शाम 4 बजे से 6 बजे तक बुंदेली लोक नृत्य, गायन और लोक वादन के कार्यक्रम होंगे। रात में कोहिनूर लंगा गायन, कलर्स ऑफ इंडिया डांस ग्रुप की प्रस्तुति और हरियाणवी गायिका रेणुका पंवार का कार्यक्रम होगा। 25 मार्च को दिन में पर्यटन विभाग सम्मेलन और रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत डिस्ट्रिक्ट यूथ कॉन्क्लेव, युवा टूरिज्म क्लब संगोष्ठी, पर्यटन इतिहास परिचर्चा, पर्यटन नीति चर्चा और ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट योजना कैंप लगाए जाएंगे। रात में बॉलीवुड गायक फरहान साबरी अपनी प्रस्तुति देंगे। 26 मार्च को उद्योग विभाग सम्मेलन, इवेंट्स समिट, पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिताएं और बुंदेली लोक नृत्य-गायन जैसे कार्यक्रम होंगे। रात में ब्रज की रासलीला, रामलीला और साधव बैंड की प्रस्तुति होगी। 27 मार्च को शिक्षा विभाग सम्मेलन के साथ उच्च शिक्षा और बेसिक शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विजेताओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। महोत्सव का समापन बॉलीवुड गायक शादाब साबरी के लाइव गायन कार्यक्रम के साथ होगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *