सम्भल जिले के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी कस्बे में पुरानी रंजिश के चलते एक दंपती पर चाकू से हमला किया गया। इस हमले में पति जाकिर हुसैन की एक उंगली कट गई, जबकि उनकी पत्नी पर भी चाकू से वार करने का प्रयास किया गया। घायल जाकिर हुसैन कटी हुई उंगली लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। मोहल्ला शर्की निवासी जाकिर हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दरगाह जा रहे थे। रास्ते में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि एक आरोपी ने चाकू निकालकर उन पर हमला करने की कोशिश की। बचाव के दौरान जाकिर ने हाथ से वार रोकने का प्रयास किया, जिससे उनकी उंगली कटकर अलग हो गई। जाकिर हुसैन के अनुसार, शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्होंने राजू, कमर और आशु नामक व्यक्तियों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। जाकिर ने यह भी बताया कि पूर्व में भी इन लोगों से उनका विवाद हो चुका है और कई बार शिकायतें भी की गई थीं। वहीं, जाकिर की पत्नी रूबी ने बताया कि जैसे ही उन्हें झगड़े की सूचना मिली, वह घर से घटनास्थल की ओर दौड़ीं। आरोप है कि एक आरोपी उनके पीछे चाकू लेकर दौड़ा और उन पर भी हमला करने की कोशिश की, हालांकि वह किसी तरह बच गईं। घायल जाकिर हुसैन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया है कि वह कढ़ाई का काम करते हैं और इस घटना के कारण उनका कामकाज प्रभावित हो गया है। जाकिर हाल ही में ईद मनाने पंजाब से अपने घर आए थे। पुलिस ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply