सुल्तानपुर में लागू स्मार्ट मीटर प्रणाली उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गई है। भुगतान अपडेट न होने और लगातार बिजली कटौती से परेशान लोगों ने अब इस समस्या के समाधान की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि भुगतान करने के बावजूद राशि समय पर सिस्टम में अपडेट नहीं हो रही है। कई मामलों में भुगतान के दो से तीन दिन बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा रही है, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के त्वरित समाधान का भी अभाव है। अधिकारियों द्वारा अक्सर यह कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है कि “सिस्टम ऑटोमेटेड है, यहाँ से कुछ नहीं हो सकता।” इस स्थिति से आम परिवारों को अत्यधिक कष्ट उठाना पड़ रहा है। जब उपभोक्ता समय पर भुगतान करने के बावजूद बिजली से वंचित रहता है, तो यह व्यवस्था पूरी तरह से विफल प्रतीत होती है। इससे न केवल जनता में आक्रोश बढ़ रहा है, बल्कि सरकार की योजनाओं पर से भी विश्वास कम हो रहा है। इस संबंध में, उपभोक्ताओं ने एक मजबूत कस्टमर केयर सिस्टम स्थापित करने की मांग की है, जो कम से कम 12 घंटे उपलब्ध रहे। साथ ही, पेमेंट सिस्टम और सर्वर को अपडेट एवं सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है ताकि भुगतान तुरंत परिलक्षित हो सके। उन्होंने बिलिंग और मीटर रीडिंग संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं को स्पष्ट और जिम्मेदार जवाब देने तथा भुगतान के बाद बिजली कटौती की स्थिति में तुरंत आपूर्ति बहाल करने की व्यवस्था करने की भी मांग की है। इसके अतिरिक्त, स्मार्ट मीटर प्रणाली के संबंध में जनजागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया गया है। राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण विभाग से इस गंभीर समस्या पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करने की अपेक्षा की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply