कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के कसेंदा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह लगभग 11 बजे एक मजदूर की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। मृतक की पहचान लाल चंद्र (30) पुत्र सुंदरलाल के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर 3, गांधीनगर, नगर पंचायत चायल का निवासी था। बताया जा रहा है कि लालचंद्र ईंट लदे ट्रैक्टर में बैठकर कहीं ईंट उतारने जा रहा था। कसेंदा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही ट्रैक्टर अचानक बंद हो गया। लालचंद्र उसे ठीक करने के लिए ट्रैक्टर के नीचे घुस गया। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक स्टार्ट हो गया और उसका पहिया लालचंद्र के सिर पर चढ़ गया। इस हादसे में लालचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिपरी थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply