कौशांबी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। रविवार शाम तेरहमील मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें महिला के पति और छह साल का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक महिला की पहचान फतेहपुर सहावपुर गांव निवासी सजवंती (40) के रूप में हुई है। धर्मनारायण अपनी पत्नी सजवंती और बेटे अंश के साथ अपने साढ़ू विनोद कुमार के घर बलिहावा गांव गए थे। वे विनोद की बेटी की सगाई के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर शाम तीनों एक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। संदीपन घाट क्षेत्र के तेरहमील मोड़ पर पहुंचते ही जब वे सड़क पार कर रहे थे, तभी मूरतगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सोमवार तड़के सजवंती की मौत हो गई। धर्मनारायण और उनके बेटे अंश का इलाज अभी भी जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply