DniNews.Live

संविदा कर्मी की पत्नी ने सुसाइड की चेतावनी दी:पति ने सरकारी आवास में फांसी लगाई थी, आरोपियों पर अब तक कार्रवाई नहीं

अमरोहा की जोया सीएचसी में संविदा कर्मी अंकुर चीमा की आत्महत्या के मामले में उनकी पत्नी गरिमा सिंह ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई न होने और पति को न्याय न मिलने पर खुद भी आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। गरिमा सिंह ने आरोपियों से अपनी और अपने मासूम बेटे की जान को खतरा भी बताया है। यह घटना 25 फरवरी को हुई थी, जब जोया सीएचसी में नर्सिंग में संविदा कर्मी के पद पर तैनात 35 वर्षीय अंकुर चीमा ने अपने सरकारी आवास पर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। मृतक अंकुर चीमा मूल रूप से अमरोहा जिले के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव भेड़ा भरतपुर के रहने वाले थे। वह जोया सीएचसी में नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई में संविदा पर कार्यरत थे। अंकुर की शादी 2022 में हुई थी। उनकी पत्नी गरिमा सिंह जिला बलरामपुर में प्राइमरी स्कूल में अध्यापिका हैं। अंकुर चीमा के परिवार में पत्नी के अलावा एक आठ माह का बेटा है। सोमवार को मृतक की पत्नी गरिमा सिंह ने यह वीडियो बनाकर वायरल किया। वीडियो में उन्होंने बताया कि उनके पति की आत्महत्या के बाद पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों के बार-बार उत्पीड़न और मानसिक रूप से परेशान करने के कारण ही उनके पति ने यह कदम उठाया था। घटना स्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था, जिसमें आरोपियों द्वारा मानसिक उत्पीड़न और मारपीट का जिक्र था। गरिमा सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि उनके पति को न्याय नहीं मिला, तो वह भी आत्महत्या कर लेंगी। उधर, पुलिस ने घटना के तुरंत बाद ही पत्नी की तहरीर के आधार पर परिवार के ही सुमित, सुमित की पत्नी शानू और मंगल सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली थी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *