उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति अभियान’ फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत सोमवार को जनपद हापुड़ में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय हापुड़ से इस रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में महिला पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां आमजन को महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों और संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी परेशानी में तुरंत पुलिस से संपर्क करने का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक केजी सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि जनपद पुलिस इस दिशा में लगातार सक्रिय है और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग करें और महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा को प्राथमिकता दें। इसके साथ ही, किसी भी घटना या शिकायत की स्थिति में तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करने का आग्रह किया। इस दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। रैली के आयोजन से लोगों में जागरूकता का सकारात्मक संदेश गया और महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे माहौल की सराहना की गई।

Leave a Reply