कन्नौज के छिबरामऊ विकास खंड के बेहटा खास गांव में सोमवार सुबह करीब 5 बजे एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान दिनेश पुत्र रघुवंश के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना तालग्राम के बेहटा खास के रहनेवाले दिनेश ने सुबह गांव के पास एक कंज के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दिनेश के बेटे अखिलेश ने बताया कि उसका भाई यानि दिनेश का दूसरा बेटा गांव की ही एक युवती को लेकर भाग गया है। जिसके चलते युवती के परिजनों ने उन्हें धमकी दी थी। अखिलेश के अनुसार, युवती के पिता और उनके दामाद कल शाम दिनेश के घर आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू जेवर और नकदी सहित करीब सात लाख रुपये का सामान लेकर गई है। उन्होंने धमकी दी कि यदि बहू और सामान वापस नहीं मिला तो वे गोली मार देंगे। बेटे को भी जान से मारने की बात कही। मामले की जानकारी मिलते ही थाना तालग्राम के थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित परिजनों से प्रार्थना पत्र लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। एसएचओ विनय शर्मा ने बताया, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply