घाटमपुर में नगरपालिका क्षेत्र की सरकारी जमीनों के दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा करके बेच दी गईं। अब तहसील प्रशासन इन जमीनों की कागजी परतें खोलने में जुट गया है। जल्द ही पूरे मामले में एक्शन हो सकता है। इसमें भदरस मोड़ पर स्थित नील कोठी की भूमि भी शामिल है। भदरस मोड़ पर अंग्रेजों के जमाने की नील कोठी की सात बीघे छह बिस्वा जमीन को माफियाओं ने तहसील से हेरफेर कर अपने नाम दर्ज कराई, फिर उसे प्लाटिंग कर बिक्री कर डाली। इसके कुछ भू भाग पर बिजली विभाग का कार्यालय है। बाकी भूमि पर प्लाटिंग कर उसे बेच डाला गया है। इसके साथ ही शिक्षक कॉलोनी स्थित तालाब, पचपीरन तालाब समेत कई ऐसी सरकारी जमीनें हैं, जिनकी परतें खोली जा रही हैं। ऐसी सभी जमीनों का चिह्नांकन कर सूची तैयार की जा रही है। दो दिन पूर्व एसडीएम अविचल प्रताप ने भी इन स्थानों पर पहुंचकर हकीकत देखी है। इन जमीनों पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे की बात सामने आई है। एसडीएम ने बताया कि पालिका क्षेत्र की ऐसी जमीनों को चिह्नित कर सूची तैयार कराई जा रही है, जिन पर अवैध कब्जे व अवैध रूप से खरीद फरोख्त की गई है। मामला स्पष्ट होने पर तहसील प्रशासन कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ी तो सरकारी जमीनों पर कब्जे करने वालों के खिलाफ विधिक कार्यवाही भी की जाएगी। कहा कि सरकारी जमीनों पर किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घाटमपुर SDM अविचल प्रताप सिंह कहा- तहसील प्रशासन की ओर से सरकारी जमीनों को चिह्नित किया जा रहा है, सरकारी जमीनों को अवैध कब्जा मुक्त कराया जाएगा।

Leave a Reply