मथुरा में गौ रक्षक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा बाबा’ की मौत के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिले के प्रत्येक थाने में गौ रक्षकों, गौ सेवकों और हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य शांति व्यवस्था बनाए रखना और लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने गौ रक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और न ही किसी के बहकावे में आएं। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। एसपी ग्रामीण ने यह भी बताया कि फरसा बाबा की मौत के मामले को गंभीरता से लिया गया है। इसकी निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का मानना है कि संवाद और समन्वय के माध्यम से ही तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से थाना स्तर पर लगातार बैठकें आयोजित कर लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशासन ने आम जनता से भी शांति बनाए रखने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply